Zila Tak/Desk
पाकुड़(PAKUR): शहर के बैंक कॉलोनी स्थित श्री सत्य साईं मंदिर में श्री सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा बाल विकास प्रशिक्षण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में जिले के विभिन्न बाल सेवा केंद्रों से जुड़े करीब 100 गुरु भाई-बहनों ने भाग लिया।
प्रशिक्षण के दौरान राज्य स्तरीय पदाधिकारी दीदी पुष्पलता, सेवा विभाग के रवि कुमार एवं कुमोदी दीदी ने बाल विकास केंद्रों के संचालन से संबंधित विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने बच्चों के समग्र विकास के लिए संस्कारों की महत्ता पर विशेष बल देते हुए कहा कि नैतिक मूल्यों का विकास बच्चों के उज्ज्वल भविष्य के लिए आवश्यक है।
प्रशिक्षकों ने बताया कि बाल शिक्षा केंद्रों का मुख्य उद्देश्य बच्चों में संस्कार, मानसिक विकास एवं सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को विकसित करना है। इस दौरान विभिन्न केंद्रों में संचालित गतिविधियों की समीक्षा की गई तथा उपस्थित प्रतिभागियों के प्रश्नों के उत्तर भी दिए गए।
कार्यक्रम में जिला स्तरीय समिति के अनिरुद्ध कुमार, सुष्मिता मंडल, सुशांत दुबे, अभिजीत घोष एवं सत्यम पांडे सहित कई सदस्य उपस्थित रहे। अनिरुद्ध कुमार ने बताया कि यह दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम है, जिसके अंतर्गत पहले दिन विभिन्न केंद्रों का भ्रमण कर गतिविधियों की जानकारी ली गई, जबकि दूसरे दिन केंद्र संचालन का प्रशिक्षण दिया गया।
उल्लेखनीय है कि श्री सत्य साईं सेवा संगठन द्वारा समय-समय पर सामाजिक सेवा के तहत कंबल वितरण एवं मेडिकल कैंप जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाते हैं।
