रांची (RANCHI): प्रतिबंधित संगठन भाकपा (माओवादी) के वरिष्ठ नेता और पोलित ब्यूरो सदस्य प्रशांत बोस (82), जिन पर 1 करोड़ रुपये का इनाम था, का 3 अप्रैल को रिम्स में इलाज के दौरान निधन हो गया।
परिजनों ने नहीं लिया शव, पत्नी ने लिखी चिट्ठी
निधन के बाद उनका शव रिम्स मोर्चरी में रखा गया है, लेकिन हैरानी की बात यह है कि अब तक किसी परिजन ने शव को लेने की पहल नहीं की।
इस बीच उनकी पत्नी शीला मरांडी, जो खुद भी जेल में बंद हैं, ने प्रशासन को पत्र लिखकर अनुरोध किया है कि उनके पति का अंतिम संस्कार जिला प्रशासन द्वारा कराया जाए, क्योंकि कोई परिजन उपलब्ध नहीं है।
कोलकाता से पहुंचे कथित रिश्तेदार, बढ़ा विवाद
मामले में नया मोड़ तब आया जब कोलकाता से कुछ लोग खुद को परिजन बताते हुए जेल पहुंचे। उन्होंने एक पत्र भी सौंपा, लेकिन जेल प्रशासन ने साफ कर दिया कि शव सौंपने का अधिकार उनके पास नहीं है, और उन्हें जिला प्रशासन के पास भेज दिया।
NHRC गाइडलाइन के बीच बढ़ा दबाव
मामले की जानकारी राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और रांची के न्यायिक आयुक्त को दे दी गई है। NHRC के नियमों के अनुसार: 24 घंटे के भीतर अंतिम संस्कार जरूरी विशेष परिस्थिति में अधिकतम 72 घंटे तक शव रखा जा सकता है
अब क्या करेगा प्रशासन?
शनिवार देर रात तक अंतिम संस्कार को लेकर कोई अंतिम निर्णय नहीं हो सका था। ऐसे में अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या प्रशासन ही इस कुख्यात माओवादी नेता का अंतिम संस्कार करेगा?
यह मामला न सिर्फ संवेदनशील है, बल्कि प्रशासन के लिए भी एक बड़ी चुनौती बन गया है, जहां कानून, प्रक्रिया और मानवीय पहलू—तीनों का संतुलन जरूरी है।
