Zila Tak | Desk
पाकुड़ (PAKUR) : जिले में बढ़ते अपराधों पर लगाम कसने और असामाजिक तत्वों की गतिविधियों पर सख्त नियंत्रण के लिए पाकुड़ पुलिस ने एक बड़ा और निर्णायक कदम उठाया है। पुलिस अधीक्षक कार्यालय द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से 14 अप्रैल 2026 के बीच विभिन्न थाना एवं ओपी क्षेत्रों में गंभीर और संपत्तिमूलक अपराधों में संलिप्त 9 अपराधियों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध निगरानी प्रक्रिया शुरू कर दी गई है।
नियम 370 के तहत सख्त कार्रवाई
झारखंड पुलिस हस्तक नियम 370 के तहत यह कार्रवाई उन अपराधियों के खिलाफ की जाती है, जो एक से अधिक गंभीर मामलों में शामिल रहे हैं। इस प्रक्रिया के तहत संबंधित अपराधियों की हर गतिविधि पर पुलिस की कड़ी नजर रखी जाएगी। समय-समय पर उनकी भौतिक जांच भी की जाएगी, ताकि किसी भी संभावित आपराधिक घटना को पहले ही रोका जा सके।
थाना स्तर पर की गई कार्रवाई में
•पाकुड़ मुफस्सिल थाना क्षेत्र: 1 अपराधी
•लिट्टीपाड़ा थाना: 2 अपराधी
•अमड़ापाड़ा थाना: 2 अपराधी
•पाकुड़िया थाना: 4 अपराधी
इस तरह कुल 9 अपराधियों को निगरानी सूची में शामिल कर पुलिस ने स्पष्ट संदेश दिया है कि अपराध अब बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
अपराध पर लगाम की दिशा में मजबूत कदम
पाकुड़ पुलिस ने साफ किया है कि जिले में कानून-व्यवस्था को मजबूत बनाए रखने के लिए इस तरह की सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।
