ZILA TAK | DESK
पाकुड़ (PAKUR) : बिजली की रोशनी से गांवों को रोशन करने के दावे के बीच हिरणपुर प्रखंड का चौकीढाब गांव पिछले चार दिनों से अंधेरे में डूबा हुआ है। गांव का ट्रांसफॉर्मर खराब होने के बाद बिजली आपूर्ति पूरी तरह बाधित है। इसका सबसे ज्यादा असर स्कूली बच्चों पर पड़ रहा है। शाम होते ही पढ़ाई के लिए बच्चों के सामने परेशानी खड़ी हो जाती है।
ग्रामीणों के मुताबिक, समस्या को लेकर जिले के बिजली आपूर्ति विभाग को सूचना और शिकायत दी जा चुकी है, लेकिन चार दिन गुजर जाने के बाद भी खराब ट्रांसफॉर्मर को ठीक नहीं किया गया है। ऐसे में ग्रामीणों का सवाल है कि आखिर शिकायत के बाद भी बिजली विभाग की नजर गांव की इस समस्या पर कब पड़ेगी?
वहीं मामला सिर्फ बिजली कटौती तक सीमित नहीं है। ग्रामीणों ने गांव में जगह-जगह खुले और नंगे बिजली तारों को लेकर भी गंभीर चिंता जताई है। ग्रामीणों का कहना है कि खुले तार किसी बड़े हादसे को न्योता दे रहे हैं। खासकर बच्चों और आम लोगों के लिए यह लगातार खतरा बना हुआ है।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग से तत्काल ट्रांसफॉर्मर की मरम्मत या नया ट्रांसफॉर्मर लगाने, साथ ही गांव में खुले नंगे तारों को कवर कर सुरक्षित करने की मांग की है।
चार दिन से अंधेरा झेल रहे ग्रामीणों को अब इंतजार है कि बिजली विभाग कब जागेगा और चौकीढाब गांव में फिर से रोशनी लौटेगी।
